मुजफ्फरनगर: मीरापुर में रिश्तों का कत्ल: भांजे ने बुआ के घर से चोरी किए लाखों के जेवर
डीजे बजाकर हथौड़े से तोड़ा संदूक का ताला, दोनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने सारा माल किया बरामद

मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के मोहल्ला कोटला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर चोरी की घटना सामने आई है। एक भांजे ने अपने ही साथी के साथ मिलकर अपनी बुआ के घर को निशाना बनाया और संदूक तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि मीरापुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच के चलते दोनों आरोपियों को चोरी किए गए माल सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला कोटला निवासी सुमित्रा सैनी पत्नी गोपाल सैनी के पड़ोस में उनके भाई का मकान है। सुमित्रा के भाई का बेटी अमित उर्फ काके अक्सर अपनी बुआ के घर आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसने बुआ के घर की स्थिति और संदूक में रखे कीमती जेवरात की पूरी जानकारी हासिल कर ली और चोरी की योजना बना डाली।
डीजे बजाकर हथौड़े से तोड़ा संदूक
आरोपी अमित ने अपने चचेरे नाबालिग भाई तरुण पुत्र विनोद को इस साजिश में शामिल किया और 17 मार्च की रात, अमित ने तरुण से पास की दुकान से एक हथौड़ा मंगवाया। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले, दोनों ने माहौल को सामान्य दिखाने के लिए घर के बाहर डीजे बजाकर शोर-शराबा किया, ताकि ताला तोड़ने की आवाज किसी को सुनाई न दे और किसी को शक न हो। मौका पाकर दोनों सुमित्रा के घर में घुस गए और हथौड़े से संदूक का ताला तोड़ दिया। उन्होंने एक सोने की अंगूठी, सोने का हार, दो सोने के झुमके, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की तगड़ी, एक लेडीज घड़ी सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया और जेवरात को तीन अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया।
एक हथौड़े से मिली जांच को दिशा
अगले दिन 18 मार्च को जब सुमित्रा अपने कमरे में पहुंची, तो संदूक का टूटा ताला और गायब जेवरात देखकर वह सन्न रह गई। उन्होंने तुरंत थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस को घटनास्थल पर ही वारदात में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा मिल गया, जिससे जांच को सही दिशा मिली। थाना प्रभारी राजीव शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने हथौड़े के बारे में आसपास पूछताछ की, जिससे पता चला कि वह पास के ही एक दुकानदार का है।
पुलिस की तत्परता से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने दुकानदार से पूछताछ की, जिसने हथौड़ा ले जाने वाले अमित और तरुण के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया सारा जेवर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर चालान कर दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की कस्बेवासियों ने सराहना की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सक्रिय पत्रकार आफ़ताब आलम 'रॉयल बुलेटिन' के लिए मुज़फ्फरनगर के मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर पैनी नजर रखने वाले आफ़ताब आलम स्थानीय मुद्दों, जन-समस्याओं और व्यापारिक हलचलों को पूरी निष्पक्षता के साथ प्रमुखता से उठाते हैं। पिछले लंबे समय से वे मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 9319454764 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां