मुजफ्फरनगर: नशे के काले कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवक की जान पर बन आई, 'भीम गैंग' पर साजिश का आरोप
खौफ के साए में मोहम्मद शाहिद: 'स्मैक' तस्करी के गवाह बनने पर मिल रही जान से मारने की धमकी, पुलिस और उच्चाधिकारियों से लगाई गुहार
मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध नशे के कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ आवाज उठाना एक नागरिक के लिए जी का जंजाल बन गया है। शहर के सरवट गेट निवासी मोहम्मद शाहिद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों को पत्र लिखकर 'कुख्यात शादाब उर्फ भीम गैंग' से अपनी जान को गंभीर खतरा बताया है। शाहिद का आरोप है कि उन्हें झूठे मुकदमों में फँसाने और जान से मारने की साजिश रची जा रही है ।
मस्जिद से निकलते ही घेरा, बनाया वीडियो
शिकायतकर्ता मोहम्मद शाहिद के अनुसार, बीती 12 फरवरी 2026 को शाम करीब 5:20 बजे जब वह मस्जिद इमली वाली से नमाज़ पढ़कर बाहर निकल रहे थे, तभी उन्हें शादाब उर्फ भीम के करीबियों ने घेर लिया । आरोप है कि नवाब, मोहम्मद राहिल, छोटू और जुल्फिकार सहित कई अन्य लोगों ने शाहिद की वीडियो रिकॉर्डिंग की और उन पर झूठा रंगदारी मांगने का आरोप लगाया । शाहिद का कहना है कि यह सब पुलिस को गुमराह करने और उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की एक सोची-समझी साजिश है ।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर: दुष्कर्म पीड़िता को धमकाने का आरोप, दरोगा और महिला सिपाही के खिलाफ एसएसपी से शिकायतगवाही देने की इच्छा जताई तो बढ़ गया खतरा
शाहिद ने बताया कि हाल ही में उन्होंने पुलिस को ईमेल भेजकर असलम बेग (शादाब उर्फ भीम का भाई) की स्मैक तस्करी के मामले में गवाह बनने की इच्छा व्यक्त की थी । जैसे ही यह जानकारी गैंग तक पहुँची, धमकियों का सिलसिला और तेज हो गया । पीड़ित का कहना है कि वर्तमान में मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) और बिजली विभाग द्वारा भी इन लोगों के विरुद्ध जांच चल रही है, जिससे बौखलाकर ये लोग उन्हें चुप कराना चाहते हैं । डर के मारे शाहिद ने उक्त मस्जिद में नमाज़ पढ़ना तक बंद कर दिया है ।
RTI में खुला 'भीम परिवार' का काला चिट्ठा
सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त जानकारी के अनुसार, शादाब उर्फ भीम और उसके परिवार का लंबा आपराधिक इतिहास
शादाब उर्फ भीम: इसके विरुद्ध हत्या (302), अपहरण (364), गैंगस्टर एक्ट, लूट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 24 संगीन मामले दर्ज हैं ।
असलम बेग (भाई): इसके खिलाफ एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के 6 मुकदमे दर्ज हैं ।
आज़ाद बेग (भाई): इसके विरुद्ध जानलेवा हमला और लूटपाट के 2 मामले दर्ज हैं ।
अधिकारियों से सुरक्षा की मांग
अत्यंत व्यथित मन से शाहिद ने पुलिस उप महानिरीक्षक (सहारनपुर रेंज) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में कहा है कि पूरा संगठित गिरोह उनके पीछे पड़ गया है और उन्हें अपनी जान की उम्मीद कम होती महसूस हो रही है । उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सुरक्षा प्रदान करने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्यवाही की मांग की है ।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
कुलदीप सिंह वर्ष 2003 से निरंतर रॉयल बुलेटिन संस्थान के साथ जुड़े हुए हैं। पिछले दो दशकों से अधिक समय से वह संस्थान की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
वर्तमान में वह कंप्यूटर विभाग में वरिष्ठ भूमिका निभाने के साथ-साथ संपादकीय टीम के एक प्रमुख स्तंभ हैं। तकनीकी कार्यप्रणाली पर गहरी पकड़ और संपादकीय समझ के समन्वय के साथ कुलदीप सिंह समाचार पत्र और डिजिटल पोर्टल की गुणवत्ता को निरंतर नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।

टिप्पणियां