मुजफ्फरनगर: दुबई में नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, कोर्ट के डंडे के बाद जागी पुलिस
चरथावल के पिता-पुत्र पर लगा 3.83 लाख हड़पने का आरोप, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

मुजफ्फरनगर। विदेश में सुनहरे भविष्य और मोटी तनख्वाह वाली नौकरी का झांसा देकर एक ग्रामीण से लाखों रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस के आला अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद जब पीड़ित को न्याय नहीं मिला, तो उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। अब कोर्ट के कड़े आदेश के बाद छपार थाना पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छपार निवासी अरशद ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम कुटेसरा निवासी याकूब और उसका पुत्र शाहबाज विदेश में नौकरी लगवाने का एजेंट के रूप में काम करते हैं। एक ही बिरादरी का होने के नाते अरशद ने उन पर भरोसा कर लिया। आरोप है कि 14 सितंबर 2023 को दोनों आरोपी अरशद के घर आए और उसके पुत्र असजद को दुबई की एक नामी आभूषण की दुकान पर सेल्समैन की नौकरी दिलाने का लालच दिया।
किस्तों में वसूले पौने चार लाख रुपये
पीड़ित अरशद के मुताबिक, आरोपियों ने इस काम के एवज में करीब चार लाख रुपये की मांग की थी। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 83 हजार 960 रुपये आरोपियों को थमा दिए। इसमें से कुछ राशि बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए और कुछ नकद दी गई। पैसे ऐंठने के बाद जब नौकरी की बात आई तो आरोपी टालमटोल करने लगे। हद तो तब हो गई जब रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर का अभेद्य किला: 9 जोन और 21 सेक्टर में बंटा जनपद, त्योहारों से पहले सड़कों पर उतरी खाकीपुलिस की बेरुखी और न्यायालय का दखल
न्याय की गुहार लेकर अरशद पहले क्षेत्राधिकारी (सदर) और फिर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुँचा, लेकिन वहां से उसे निराशा ही हाथ लगी। पुलिस की इस सुस्त कार्यप्रणाली से तंग आकर उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छपार पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर याकूब और शाहबाज के खिलाफ धोखाधड़ी सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां