मुर्शिदाबाद बाबरी मस्जिद निर्माण पर बोले राकेश टिकैत, कहा— 70% योगदान बीजेपी का
मुजफ्फरनगर।उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई बड़े बयान दिए। मुर्शिदाबाद बाबरी मस्जिद निर्माण विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इस मस्जिद को बनवाने में भाजपा की बड़ी भूमिका है। टिकैत ने दावा किया कि मस्जिद निर्माण में 70 प्रतिशत योगदान भाजपा का है।
यूपी में घुसपैठियों के सत्यापन अभियान पर भी टिकैत ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि घुसपैठी कहीं के भी हों, उन्हें यहां नहीं रहना चाहिए। ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रदेश से बाहर किया जाना चाहिए।
एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन करते हुए टिकैत ने कहा कि इसकी समय सीमा बढ़ाई जानी चाहिए और सभी लोगों को अपने दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी की दो जगह वोट है तो उसे एक जगह कर लेना चाहिए, वरना बाद में परेशानी होगी। टिकैत ने यह भी बताया कि उनके घर में भी पहले दो जगह वोट थे— सिसौली और मुजफ्फरनगर— लेकिन उन्होंने स्वयं इसे एक स्थान पर करवा लिया।
वंदे मातरम विवाद पर टिकैत ने स्पष्ट कहा कि यह किसी पार्टी का मुद्दा नहीं, बल्कि देश का विषय है। उन्होंने इसे लेकर विवाद को निरर्थक बताया।
मस्जिद निर्माण विवाद पर अपने बयान को दोहराते हुए टिकैत ने कहा कि बनाने वाले भी सरकारी हैं और विरोध करने वाले भी सरकार से जुड़े हैं। उनके अनुसार मस्जिद वही बनाएंगे और भाजपा का इसमें सबसे बड़ा योगदान है। नागरिकता के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की नागरिकता यदि भारत की है, तो उसे वोट डालने का अधिकार है, चाहे वह विदेश में ही क्यों न रह रहा हो।
घुसपैठ पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि घुसपैठ कहीं का भी हो, यह स्वीकार्य नहीं है। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाना चाहिए और उन्हें प्रदेश से बाहर किया जाना चाहिए।
