मुजफ्फरनगर: सब्जी की दुकान में जा घुसी अनियंत्रित कार, सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के ए टू जेड रोड पर गुरुवार सुबह एक अनियंत्रित वैगनआर कार सड़क किनारे स्थित सब्जी की दुकान में जा घुसी। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर हर कोई दंग है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह दुकान पर काम कर रहे एक युवक ने ऐन मौके पर भागकर अपनी जान बचाई।
सिखाऊ चालक की लापरवाही बनी हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे उस समय हुआ जब एक महिला कार चलाना सीख रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ड्राइविंग के दौरान महिला अचानक नियंत्रण खो बैठी और घबराहट में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पैर रख दिया। रफ्तार तेज होने के कारण कार सीधे सब्जी की दुकान के भीतर जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
बाल-बाल बचा दुकानदार, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
दुकानदार मोनू ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह सुबह दुकान पर काम कर रहा था, तभी अचानक कार उसकी ओर तेजी से बढ़ी। उसने बताया कि महिला कार चलाना सीख रही थी और घबराहट (हॉप्लेक्स) के चक्कर में उसने गाड़ी सीधे दुकान में ठोक दी। मोनू ने कहा कि वह समय रहते पीछे की ओर भागा, जिससे उसकी जान बच गई। गनीमत यह रही कि इस पूरी घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
जनपद में चर्चा का विषय बना वीडियो
हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब जिले के विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल हो रहा है। वीडियो में कार की रफ्तार और दुकानदार की सूझबूझ साफ देखी जा सकती है। स्थानीय निवासियों ने मुख्य सड़कों पर इस तरह नौसिखिए चालकों द्वारा गाड़ी सीखने पर चिंता जताई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान के आकलन के आधार पर आगे की कार्यवाही की बात कह रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां