मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ हिस्ट्रीशीटर, भारी मात्रा में गांजा बरामद
ओडिशा से गांजा लाकर करता था तस्करी, नशे के गोरखधंधे में परिवार भी शामिल
बुढ़ाना(मुजफ्फरनगर)। जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में शातिर हिस्ट्रीशीटर सतेन्द्र उर्फ पप्पू को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 21 किलो अवैध गांजा, एक ईको कार और अवैध असलहा बरामद किया गया है।
थाना बुढ़ाना पुलिस बसिया गांव के पास तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बसी गेट की तरफ से आ रही एक ईको कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। कार सवार बदमाश ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, तो बदमाश गाड़ी छोड़कर चंदेड़ी मार्ग की तरफ खेतों की ओर भागा और लगातार फायरिंग करता रहा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। अंत में, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राहगीरों को बेचकर कमाया मुनाफा
पूछताछ में आरोपी सतेन्द्र ने खुलासा किया कि वह अपने परिवार के साथ मिलकर गांजा तस्करी का काला कारोबार चलाता है। उसने बताया कि वे लोग गाड़ियों में कपड़ा भरकर ले जाते थे और ओडिशा से गांजा खरीदकर वापस मुजफ्फरनगर लाते थे, जिसे राहगीरों को बेचकर अवैध मुनाफा कमाया जाता था। आरोपी थाना बुढ़ाना का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में निरीक्षक सुभाष अत्री, उपनिरीक्षक मोहित कुमार तेवतिया, ललित कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, अमित कुमार और कांस्टेबल पवन शर्मा शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द कुमार 'पीटीआई' वर्ष 2003 से निरंतर रॉयल बुलेटिन परिवार के एक मजबूत स्तंभ के रूप में सक्रिय हैं। पिछले दो दशकों से अधिक समय से आप बुढ़ाना की ज़मीनी समस्याओं, स्थानीय राजनीति और सामाजिक घटनाक्रमों को पूरी निष्पक्षता के साथ जनता और प्रशासन के सामने रख रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर गहरी पकड़ और वर्षों का अटूट अनुभव आपको बुढ़ाना की पत्रकारिता का सबसे विश्वसनीय चेहरा बनाता है। क्षेत्र की खबरों, समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9412842664 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां