कांग्रेस ने एआई समिट काे अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया..कांग्रेस जहरीली राजनीति छोड़े: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने मेरठ में मेट्रो रेल और दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का किया उद्घाटन
मेरठ/लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांंग्रेस जहरीली और देश विरोधी राजनीति कर रही है। कांग्रेस अब देश पर बोझ बन चुकी है। नई दिल्ली में एआई समिट के दाैरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कपड़े उतार कर प्रदर्शन करने की घटना काे शर्मनाक बताते हुए माेदी ने कहा कि मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।
रविवार काे मेरठ में मेट्रो रेल और दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री माेदी ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किये। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में आयोजित एआई समिट की चर्चा करते हुए कहा कि दुनिया के इस सबसे बडे़ समिट में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और लाखों लोग आए।
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा में मेरठ के लोगों से पूछा कि एआई समिट से गर्व हुआ है या नहीं, सीना चौड़ा हुआ है, युवाओं का भाग्य बदलने के लिए यह आयोजन हुआ है। इस पर सभा में माेदी -माेदी के नारे लगने लगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस आयाेजन से पूरा देश गर्व से भर गया लेकिन कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।
कांग्रेस अब देश पर बोझ बन चुकी है
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने नेताओं ने समिट में जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कितनी दिवालिया और कितनी दरिद्र हो गई है। कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गांव में शादी होती है तो पूरा गांव जुटा जाता है लेकिन कांग्रेस को अपने देश को ही बदनाम करने में जुटी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को मोदी से नफरत है, मेरी कब्र खोदना चाहती है, मेरी मां को भी गाली देने में परहेज नहीं करती, कांग्रेेस को भाजपा व एनडीए से विरोध है, लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि एआई समिट भाजपा का आयोजन नहीं था और न ही वहां भाजपा का नेता था। यह देश के लोगों का कार्यक्रम था, लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ी और अब देशभर में कांग्रेस की थू थू हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस के नेता बेशर्मी के साथ देश का अपमान करने वालों की जय जयकार कर रहे हैं और मीडिया इस घटनाक्रम में पूरे विपक्ष का नाम लेता है जबकि कांग्रेस के नंगेपन में टीएमसी, बीएसपी नहीं थे सिर्फ कांग्रेस थी। यह कांग्रेस की यह हरकतें लगातार हो रही हैं। लोकसभा नहीं चलने दे रहे हैं और माताओं- बहनों को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर कब्जा करने भेजते हैं। अगर प्रधानमंत्री बनना है तो लोगों का दिल जीतिए। प्रधानमंत्री की कुर्सी पर कब्जा करके नहीं बन पाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब देश पर बोझ बन चुकी है।
तीन लाेकसभा चुनावाें में मेरठ से की है चुनावी सभाओं की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा में लाेगाें से सीधा संवाद करते हुए कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में मेरठ से ही चुनावी सभाओं की शुरुआत की थी और इस भूमि ने देश के विकास में अहम योगदान किया है। प्रदेश में योगी सरकार आने से पहले यहां की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि यहां शाम होते ही यहां पूरे रूट में सन्नाटा छा जाता था। डर और भय का माहौल होता था लेकिन अब एक तरफ कानून व्यवस्था भी सुधरी है और दूसरी तरफ लोगों को सुविधापूर्ण और सुरक्षित यात्रा का भी माध्यम मिला है। नमो भारत रैपिड रेल के संचालन से अधिकतर स्टाफ महिलाएं और यह नारीशक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा कि सराय कालेखां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ इन स्टेशनों पर भारतीय रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। देश में ये पहली बार हो रहा है जब एक ही स्टेशन, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी। यानी, एक ही प्लेटफॉर्म से शहर के भीतर भी यात्रा कर पाएंगे औरउसी स्टेशन से सीधे दिल्ली भी आ-जा सकते हैं।
कांग्रेस जहरीली राजनीति छोड़े
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेेस के शासन काल में पूरे देश में केवल पांच शहरों में मेट्रो रेल थी, लेकिन अब दो दर्जन से अधिक शहरों में यह सुविधा है। आज भारत मेट्रो के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नेटवर्क बन चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस में यह संभव ही नहीं था क्योंकि तब इंफ्रास्ट्रक्चर की परियोजनाएं घोटालों में ही गुम हो जाती थी। मेट्रो जैसी और उससे जुड़ी अधिकतर तकनीक भी विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। अब दुनिया के अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। एक समय था जब कांग्रेस की सरकार चाह कर भी विकसित देशों के साथ समझौते नहीं कर पाती थी क्योंकि तब घोटालों के लिए बदनाम कांग्रेस सरकार से समझौते करने में दुनिया को हिचक होती थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस जहरीली राजनीति छोडे़।
चौधरी चरण सिंहजी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरठ, हापुड़ और आसपास के क्षेत्र ने चौधरी चरण सिंहजी के विजन को शुरुआती दौर से देखा है। ये हमारी सरकार का सौभाग्य रहा कि हमें चौधरी चरण सिंहजी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला। भाजपा की डबल इंजन की सरकार उनके विजन पर चलते हुए किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक यूपी के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत लगभग 95 हजार करोड़ रुपये मिल चुके हैं। मेरठ में 800 कराेड़ रुपये से अधिक मिले हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बाकी हिस्से और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। मेट्राे में सफर कर छात्राें, युवाओं से बातचीत की। रैपिड सेवा शुरू होने से मेरठ और दिल्ली के बीच यात्रा का समय काफी कम हो गई है। नमो भारत ट्रेन मोदीपुरम से सराय काले खां तक की 82 किलोमीटर की दूरी 55 मिनट में तय करेगी। इसका किराया 2.60 रुपये प्रतिकिलोमीटर तय किया गया है।
इससे पूर्व समाराेह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि माेदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तेजी से काम हो रहा है। होली पर्व से पहले प्रधानमंत्री से मिल रही सौगात विकसित भारत के लक्ष्य की पूर्ति में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का शिलान्यास के साथ ही लोकार्पण की बात होती है और आज अरबों रुपये की परियोजनाओं को पूरा होने से मेरठ के लोगों की दिल्ली से दूरी कम होने के साथ ही आवागमन भी सरल और सुविधाजनक हो गया है। समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चाैधरी, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के अलावा भाजपा के सांसद, विधायक और बडी संख्या में जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां