शामली में राष्ट्रीय लोक अदालत में हुआ रिकॉर्ड 1 लाख 60 हजार मुकदमों का निस्तारण

शामली। शामली में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड लगभग 1 लाख 60 हजार मुकदमों का निस्तारण किया गया। जिनमें अधिकांश मामले एनआई एक्ट, सड़क यातायात चालान, राजस्व संबंधी, बैंक ऋण संबंधी और परिवार वाद से जुड़े थे। यह शामली जनपद में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोक अदालत द्वारा मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। इस लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश के निर्देशन में किया गया था।
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर शनिवार को शामली जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह लोक अदालत जनपद के जिला न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश के नेतृत्व में संपन्न हुई। देश भर के विभिन्न कोर्टों में इसी प्रकार के आयोजन किए गए, जिनका उद्देश्य लंबित मुकदमों का तेजी से निस्तारण करना था।
शामली के जिला न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश ने बताया कि इस दिन करीब 6000 न्यायालय संबंधी मामले पेश किए गए, जिनमें से 95% से अधिक यानी लगभग 5700 मामलों का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त, एनआई एक्ट, परिवहन, बैंक ऋण व परिवार वाद से जुड़े लगभग दो लाख मुकदमे पेश किए गए, जिनमें से रिकॉर्ड 1 लाख 60 हजार मामलों का निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि आज की लोक अदालत बेहद सफल रही है।