शामली। जिलाधिकारी शामली के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मेगा जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर आमजन को जागरूक करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों द्वारा की गई। अभियान के तहत विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया और पात्र लाभार्थियों से योजनाओं के आवेदन भी भरवाए गए। इसके अतिरिक्त, महिलाओं और बच्चों से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला कल्याण विभाग द्वारा गठित 10 टीमों ने जनपद के प्रत्येक ब्लॉक के दो-दो गांवों में जाकर अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया। इनमें ऊन ब्लॉक के टपराना और चौसाना, कैराना ब्लॉक के भूरा और तितरवाड़ा, शामली ब्लॉक के कुड़ाना और लाक, कांधला ब्लॉक के गंगेरू और लिसाढ़, तथा थाना भवन ब्लॉक के भैंसानी इस्लामपुर और लुहारी शामिल हैं। इन गांवों में विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र महिलाओं से मौके पर ही आवेदन करवाए गए।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, बाल विकास विभाग सहित कई अन्य विभागों ने भी सहभागिता निभाई। उपस्थित लोगों को निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, कानूनी आर्थिक सहायता योजना आदि के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस विभाग की टीम ने एंटी रोमियो स्क्वॉड, विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं हेल्पलाइन नंबर 1090 और 112 की भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डाला। वहीं वन स्टॉप सेंटर और ट्रांजिट हॉस्टल की सेवाओं के बारे में बताया गया, जहां जरूरतमंद महिलाओं को 10 दिवसीय अल्पावास, भोजन और सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से पीड़ित एवं शोषित बच्चों को मदद पहुंचाने की जानकारी भी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकत्री, बीसी सखी, लेखपाल, एएनएम, आशा वर्कर, ग्राम पंचायत अधिकारी आदि ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया।
ग्राम स्तर पर कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। कई स्थानों पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में जीवंतता भर दी।
कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्य और महत्व को भी समझाया गया। यह अभियान लैंगिक असमानता को दूर करने और बालिकाओं को समान अधिकार दिलाने के लिए चलाया जा रहा है।
महिला कल्याण विभाग की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों की जागरूकता के लिए एक सशक्त कदम मानी जा रही है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का सही लाभ प्राप्त हो सकेगा।