लखनऊ में परिजनों से नाराज होकर घर से निकली किशोरी से होटल में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
                 
              
                लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ परिजनों से नाराज होकर घर से निकली एक किशोरी को एक युवक बहला-फुसलाकर होटल ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
पीड़िता मूल रूप से जनपद बाराबंकी की निवासी है और लखनऊ में अपने रिश्ते के जीजा के घर खुर्दही बाजार, सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में रहती थी।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम को किसी बात को लेकर परिजनों से नाराज होकर वह बिना बताए घर से निकल गई थी। रास्ते में उसकी मुलाकात मनोज साहू नामक युवक से हुई, जो उस समय कनकहा से एक म्यूजिक कार्यक्रम करके लौट रहा था।
किशोरी को अकेला देखकर, आरोप है कि मनोज साहू ने उसे अपने भरोसे में लिया और उसे रात बिताने के लिए एक होटल में रुकने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद दोनों सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के एक होटल में ठहर गए।
होटल में जबरन दुष्कर्म का आरोप
किशोरी का आरोप है कि रात में आरोपी मनोज साहू ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजनों ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आरोपी मनोज साहू के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुशांत गोल्फ सिटी के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी मनोज साहू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पीड़िता का बयान दर्ज करने और मेडिकल परीक्षण की कार्यवाही की जा रही है। आरोपी मनोज साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
                रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
