राजा भैया पर पत्नी का गंभीर आरोप: विदेशी हथियारों का जखीरा,पेश किए सबूत,देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा, पीएमओ में दी शिकायत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चर्चित कुंडा सीट से निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पर उनकी पत्नी भानवी कुमारी सिंह ने एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बार मामला सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंच गया है।
भानवी सिंह ने 3 जून 2025 को पीएमओ में खुद पेश होकर अपने पति के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने दावा किया कि राजा भैया के पास अवैध, प्रतिबंधित और सामूहिक विनाश के विदेशी हथियारों का जखीरा है।
शिकायत के अनुसार, राजा भैया के पास नाटो ग्रेड की 'जिगाना' पिस्टल, ऑटोमेटिक असॉल्ट राइफल्स, और अन्य घातक हथियार मौजूद हैं। भानवी सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि राजा भैया ने उनके लाइसेंसी हथियार भी जबरन छीन लिए हैं।
उनका कहना है कि ये हथियार न सिर्फ उनकी जान को खतरा हैं, बल्कि देश की आंतरिक शांति और जन सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती बन सकते हैं।
भानवी सिंह ने अपनी शिकायत के साथ मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए वीडियो और तस्वीरें भी पीएमओ को सौंपीं, जिनमें कथित तौर पर अवैध हथियार नजर आ रहे हैं। इन सबूतों के आधार पर पीएमओ ने शिकायत को गृह मंत्रालय को भेज दिया, जिसने 3 सितंबर 2025 को आंतरिक सुरक्षा विभाग को जांच के आदेश दिए हैं।
भानवी सिंह ने पीएमओ को दिए पत्र में दावा किया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने एक खौफनाक घटना का भी जिक्र किया, जिसमें राजा भैया ने कमरे में गोली चलाई थी, जिससे उनकी छोटी बेटी बाल-बाल बची थी।
भानवी सिंह ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले ही CBI को इस संबंध में शिकायत दी है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि यह सिर्फ पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा हुआ मामला है।
गौरतलब है कि राजा भैया और भानवी सिंह के बीच विवाहिक विवाद लंबे समय से सार्वजनिक रूप से चर्चा में रहा है। यह मामला अब कानूनी और सुरक्षा एजेंसियों के स्तर तक पहुंच गया है, जिससे राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।