Navratri 2025: CM Yogi का बड़ा संदेश! नवरात्र पर नारी शक्ति की सुरक्षा और सम्मान पर जोर

लखनऊ। नवरात्रि के पावन अवसर पर जब देशभर में मां दुर्गा की साधना की जाती है, वहीं गोरखनाथ मंदिर में एक अद्भुत परंपरा का सजीव रूप देखने को मिला। बुधवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरक्षपीठ की परंपरा का निर्वहन करते हुए कन्या पूजन और बटुक पूजन किया। इस दौरान उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा बालिकाओं और नन्हें बटुकों के चरण पखारकर, तिलक लगाकर, चुनरी ओढ़ाकर और भोजन परोसकर मातृ शक्ति के सम्मान की मिसाल पेश की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म में नारी शक्ति को अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इसी आस्था और नैतिक जिम्मेदारी के भाव से उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है।
इसके तहत, शारदीय नवरात्र की पहली तिथि 22 सितंबर से मिशन शक्ति के पाँचवें चरण का शुभारंभ किया गया। मिशन शक्ति कार्यक्रम महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ स्वावलंबन और जागरूकता फैलाने के लिए पंचायत स्तर तक चलाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह संदेश स्पष्ट है कि नारी शक्ति को सम्मान और सुरक्षा मिलना ही समाज की वास्तविक प्रगति है। उनकी यह पहल महिलाओं के लिए न केवल सुरक्षा का संदेश देती है बल्कि उन्हें स्वावलंबी और सशक्त बनाने की दिशा में भी मार्गदर्शन करती है।