मेरठ: हाईवे पर डिवाइडर से टकराई कांवड़ियों की बाइक, हादसे में बेटे की दर्दनाक मौत, पिता गंभीर रूप से घायल
दौराला के रूहासा कट के पास तड़के हुआ भीषण हादसा; पुलिस का दावा- नशे की हालत में बाइक चला रहा था पिता
मेरठ। हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रहे बाप-बेटे की बाइक रविवार तड़के दौराला थाना क्षेत्र के रूहासा कट के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। इस हृदयविदारक हादसे में पीछे बैठे पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे का कारण: संतुलन खोना और नशे की हालत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी एक व्यक्ति अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से जल लेकर वापस लौट रहा था। रविवार तड़के करीब चार बजे जैसे ही वे दौराला स्थित रुहासा कट के पास पहुंचे, बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता नशे की हालत में बाइक चला रहा था, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठा और यह भयानक हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें भारत ने रमजान में अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमलों की निंदा की; इसे इस्लामिक एकजुटता का पाखंड बताया परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दौराला थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायल पिता को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक युवक की पहचान कर दिल्ली स्थित उसके परिजनों को सूचना दे दी है। घर में कांवड़ आने का इंतजार कर रहे परिजनों को जैसे ही बेटे की मौत की खबर मिली, वहां कोहराम मच गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां