मेरठ में किशोरी के साथ चाची ने किया निर्मम अत्याचार, पुलिस ने दर्ज की FIR
मेरठ। मेरठ के थाना जानी क्षेत्र के एक गांव की किशोरी कई दिन बाद स्कूल पहुंची तो उसकी शिक्षिका ने छात्रा से पूछताछ की। इसके बाद किशोरी ने जो बताया उसको सुनकर शिक्षिका चौक गई। शिक्षिका ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की।
पूछताछ में हुई जानकारी के मुताबिक जानी थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 साल की किशोरी के साथ उसकी चाची ने हैवानियत की। चाची ने केमिकल डालकर किशोरी का निजी अंग जला दिया। कमरे में बंद कर भूखा रखा। एक सप्ताह पूर्व हुई ये जानकारी किशोरी ने अपनी शिक्षिका को दी। थाना जानी पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर पर आरोपी चाची के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती करवाया है।
किशोरी के पिता की मौत सात-आठ साल पूर्व हो चुकी है। इसके बाद किशोरी की मां उसे चाचा-चाची के भरोसे घर छोड़कर कहीं चली गई। तब से किशोरी अपने चाचा-चाची के पास रहती है। किशोरी गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा है।
शिक्षिका के अनुसार कई दिनों से किशोरी स्कूल नहीं आ रही थी। इसे लेकर उन्होंने बच्चों को उसके घर भेजकर पता करवाया। इसके बाद किशोरी स्कूल आ गई। स्कूल में वह सही तरह से चल नहीं पा रही थी। उन्होंने किशोरी से पूछताछ की। किशोरी ने बताया कि उसकी चाची ने एक सप्ताह पूर्व उसके साथ मारपीट करने के बाद उसके निजी अंगों पर केमिकल डाल दिया। इससे वह जल गई है। शिक्षिका ने देर शाम घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने किशोरी को उपचार के लिए पांचली सीएचसी में भर्ती करवाया। शिक्षिका ने आरोपी महिला के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी महिला की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
