मेरठ दुर्गाबाड़ी मंदिर में वैदिक मंत्रों के साथ दुर्गा अनुष्ठान प्रारंभ, श्रद्धा और भक्ति का संगम

मेरठ। सदर बंगाली दुर्गाबाड़ी में शारदीय नवरात्रि पर धर्म और आस्था से ओतप्रोत एक दिव्य अनुष्ठान हुआ। मंदिर में विधि विधानपूर्वक हवन और शाम को मां दुर्गा का बोधन (प्राण-प्रतिष्ठा) हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था के साथ आहुति अर्पित की और मां दुर्गा के शुभ आगमन के लिए प्रार्थना की गई। हवन के बाद प्रसाद वितरित किया गया। मां को आभूषणों से सुसज्जित किया गया।
समिति के प्रधान सचिव अभय मुखर्जी ने बताया कि मां दुर्गा का स्वरूप शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक है। महिषासुर का संहार करने के लिए मां दुर्गा का अवतरण हुआ। बंगाली दुर्गाबाड़ी में स्थापित प्रतिमा भी इसी दिव्य स्वरूप का दर्शन कराती है।
शारदीय नवरात्रि का यह पर्व हमारे समुदाय में मिलन, श्रद्धा और भक्ति का अद्वितीय संगम है। समिति अध्यक्ष डॉ. सुब्रतो सेन ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी संस्कृति एवं एकता का प्रतीक है। मां दुर्गा की उपासना हमें सीख देती है कि जब हम सब मिलकर प्रयास करते हैं तो किसी भी प्रकार की बुराई पर विजय पाना संभव हो जाता है।