मेरठ। मेरठ में घने कोहरे ने शहर और देहात को अपने आगोश में ले लिया। शहर में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता शून्य रही। घने कोहरे के कारण लोगों को काफी परेशानी रही। ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है, साथ ही शीतलहर चलने से कंपकंपी वाली ठंड का अहसास होने लगा है।
आज गुरुवार को सुबह से सूरज के दर्शन नहीं हुए है। हाईवे और एक्सप्रेस वे घने कोहरे की चपेट में है। कोहरे और ठंड को लेकर सरकार की तरफ से एडवाइजरी जारी की गई है। लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। आसमान से बरस रही कोहरे की फुहार से इस समय ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है, खासकर मेरठ और वेस्ट यूपी में। मौसम विभाग के अनुसार आज 18 दिसंबर 2025 को मौसम मुख्य रूप से शुष्क और ठंडा रहेगा। कई जगहों पर घना कोहरा छाया हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मेरठ और वेस्ट यूपी में ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि इस सप्ताह घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। शीतलहर और कोहरे से जनजीवन प्रभावित है। यात्रा करने वालों को सावधानी बरतें, क्योंकि विजिबिलिटी कम है।
मेरठ में शीतलहर और पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ी है। खेतों में ओस की बूंदें बर्फ जैसी जम गईं। आज सुबह से मेरठ , हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर समेत वेस्ट यूपी के शहर कोहरे की चादर में लिपटे हैं। कई जगह दृश्यता शून्य रिकॉर्ड की गई है। सड़कों पर 10 मीटर तक देखना मुश्किल है।
मौसम में बदलाव साफ तौर पर दिख रहा है। कभी ठंडक बढ़ जाती है तो कभी मौसम गर्म हो रहा है। दिसंबर में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर पहुंचा है। पूर्वानुमान के अनुसार, आज गुरुवार से इसमें और गिरावट आना शुरू हो जाएगी। हालांकि बहुत अधिक गिरावट नहीं आएगी।
IMD के अनुसार, आज आसमान साफ रहेगा। हल्का कोहरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रह सकता है। 19 से 25 दिसंबर तक आंशिक बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 20 से 21 डिग्री रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री तक बना रहेगा।