मेरठ में स्कूल जा रही छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास, नशेड़ी युवक ने खंडहर में खींचकर किया जानलेवा हमला
मेरठ। जनपद के मवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में गुरुवार सुबह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा को गांव के ही एक नशेड़ी युवक ने हवस का शिकार बनाने की नीयत से रास्ते में दबोच लिया। आरोपी किशोरी को खींचकर पास के एक खंडहरनुमा मकान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीणों ने उसे आरोपी के चंगुल से बचाया जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा की छात्रा सुबह करीब नौ बजे अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। वह जैसे ही गांव की एक सुनसान गली के पास पहुंची तभी वहां पहले से मौजूद नशेड़ी युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और मुंह दबाकर उसे पास के खंडहर में खींच ले गया। आरोपी ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। खुद को घिरा देख छात्रा ने पूरी ताकत से चीखना शुरू कर दिया जिसे सुनकर आसपास के खेतों और घरों से ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
परिजनों ने थाने पहुंचकर दी तहरीर
घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़ित परिवार तुरंत मवाना थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन राजनीतिक के पदाधिकारी भोला चौधरी भी पीड़ित परिवार के समर्थन में थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगा।
पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए बनाई टीम
मवाना थाना प्रभारी पूनम जादौन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा। गांव में तनावपूर्ण शांति को देखते हुए पुलिस बल को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru

टिप्पणियां