रामपुर अधिवक्ता हत्याकांड: मुख्य आरोपी असगर को कोर्ट ने भेजा जेल, पुलिस ने बरामद की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल
डीएम आवास पर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन समाप्त, पुलिस अधीक्षक ने दी साक्ष्य बरामदगी की जानकारी, शहर में शांति बहाल
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बहुचर्चित अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी असगर अली को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी और जेल भेजने की कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी आवास के बाहर चल रहा अधिवक्ताओं का उग्र विरोध प्रदर्शन भी प्रशासनिक आश्वासन के बाद समाप्त हो गया है।
पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने बताया कि सिविल लाइंस पुलिस ने वारदात के तुरंत बाद ही आरोपी असगर को हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्याकांड में इस्तेमाल की गई पिस्टल और कारतूस के खोखे समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। बताया गया कि हथियार के लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर उसे तत्काल सीज कर दिया गया है।
यह सनसनीखेज वारदात जिला पंचायत कार्यालय में अंजाम दी गई थी, जहां मामूली विवाद के बाद आरोपी असगर अली ने अधिवक्ता फारूक अहमद खान को गोली मार दी थी। इस हमले में फारूक की पत्नी भी घायल हुई थीं। घटना के बाद से ही वकीलों में भारी आक्रोश था और उन्होंने आरोपी के खिलाफ फांसी तथा 'बुलडोजर कार्रवाई' की मांग को लेकर जिलाधिकारी आवास पर डेरा डाल दिया था।
मौके पर मौजूद जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल ने अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की और उन्हें निष्पक्ष जांच व सख्त सजा का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ। प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिगत जिला पंचायत कार्यालय और कचहरी परिसर में चौकसी बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि विवेचना को आगे बढ़ाया जा सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां