टांडा और मिलक में दर्दनाक सड़क हादसे: शादी से लौट रहे युवक और सवारी से उतरते मजदूर को अज्ञात वाहनों ने कुचला
Moradabad News: टांडा और मिलक थाना क्षेत्रों में देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और एक मजदूर की अज्ञात वाहनों की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवारों में मातम का माहौल है और लोग गहरे सदमे में हैं।
शादी समारोह से लौटते समय युवक की जान गई
अजीमनगर थाना क्षेत्र के खौद निवासी पप्पू राजा पुत्र बाबूराम (20) अपने मामा के घर सेंटाखेड़ा में शादी में शामिल होने आया था। गुरुवार देर शाम वह गांव सरखथल स्थित मैरिज हाल में कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान सीकमपुर के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टकराते ही पप्पू सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर शिनाख्त कराई और फिर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
नई बाइक का सपना दो दिनों में टूटा
परिजनों ने बताया कि पप्पू ने महज एक महीने पहले ही नई बाइक खरीदी थी और अक्सर उसी से आना-जाना करता था। वह व्हील्स ऑफ इंडिया फैक्ट्री में लेबर का काम करता था और आठ भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार का सहारा खत्म हो गया है, और घर में मातम पसरा हुआ है।
सवारी से उतरते ही मजदूर को रौंदा
मिलक थाना क्षेत्र के पुरैनिया खुर्द निवासी 40 वर्षीय भूप सिंह गुरुवार को शहर में मजदूरी करने आया था। रात करीब 9:30 बजे जब वह उदयपुर मोड़ पर सवारी से उतर रहा था, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि भूप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे तुरंत मिलक सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक भूप सिंह दो बेटों और एक बेटी का पिता था। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी और वह दिहाड़ी मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था। उसकी मौत के बाद परिवार गहरे संकट में है, विशेषकर बेटी की शादी को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। गांव में पूरे दिन रिश्तेदारों और लोगों का तांता लगा रहा, और घर में मातम पसरा रहा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां