सहारनपुर में एटीएम में सेंधमारी की हाईटेक साजिश नाकाम, महिला समेत 4 गिरफ्तार
कांट्रैक्टर ने ही लीक किया था पासवर्ड, पुलिस पूछताछ में आरोपयिों ने किया खुलासा
सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने बीती रात एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही रोक दिया। पुलिस ने हिताची कंपनी के एटीएम में चोरी का प्रयास कर रहे एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस, चाकू और एटीएम खोलने के उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना सदर प्रभारी कपिल देव और उनकी टीम क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान शिवालिक बैंक के पास स्थित हिताची एटीएम के अंदर कुछ संदिग्ध हलचल दिखाई दी। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की तो पाया कि दो युवक पेंचकश से एटीएम मशीन खोलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मौके से विनीत कुमार नैन और विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने कताया कि यह एक संगठित प्रयास था जिसमें एटीएम की सुरक्षा से जुड़े व्यक्ति ने ही सेंधमारी की कोशिश की। पुलिस की मुस्तैदी से बैंक का बड़ा कैश चोरी होने से बच गया।
अपराध का तरीका और बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्तों की जामा तलाशी के दौरान एक लाइसेंसी रिवाल्वर (.22 बोर) और 4 जिंदा कारतूस, एक चाकू, दो पेंचकश (एटीएम खोलने के लिए), दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
एटीएम का कांट्रैक्टर ने रची थी साजिश
पुलिस की पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि राजेश नामक व्यक्ति, जो हिताची एटीएम का कांट्रैक्टर है और मशीन में कैश डालने का काम करता है, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था। राजेश ने ही आरोपियों को मशीन का गुप्त पासवर्ड बताया था। साजिश में शामिल तनु नाम की महिला ने विनीत और विकास को मिलवाया था। योजना के मुताबिक, वारदात से एक दिन पहले ही एटीएम के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए थे ताकि पहचान छिपाई जा सके।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
गिरफ्तार अभियुक्तों (विनीत, विकास, तनु और कांट्रैक्टर राजेश) के विरुद्ध थाना सदर बाजार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 62, 3(5), 324(4) और शस्त्र अधिनियम की धारा 3/30 व 4/25 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा जा रहा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां