सहारनपुर में 'एक दिन की नायिका' बनी बेटियां: डीएम, एसएसपी और सीडीओ की कुर्सी संभाल कर की जनसुनवाई

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की कक्षा 12वीं की जिला टॉपर कु.निहारिका ने एक दिन की जिलाधिकारी बनकर जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिये। इसी कड़ी में बालिका नूतन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कु.इशु पांचाल ने सीडीओ का सांकेतिक पदभार संभालकर जनसमस्याओं की सुनवायी की।

आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा कु.निहारिका के एक दिन की जिलाधिकारी बनने पर डीएम मनीष बंसल ने कु. निहारिका को पुष्प देकर सम्मानित किया। जनसुनवाई में शिकायतकर्ता द्वारा ग्राम प्रधान के संबंध में शिकायत पर जिला पंचायती राज अधिकारी को शिकायत मार्क करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। गोवंश के संबंध में शिकायती पत्र को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को मार्क किया। थाना क्षेत्र बडगांव से आई शिकायतकर्ता की पारिवारिक विवाद पर संबंधित थाना से वार्ता कर न्याय दिलाने की बात कही। एक बुजुर्ग महिला का मशीन में हाथ आने से चोटिल होने पर मुख्य चिकित्साधिकारी को आयुष्मान भारत योजना से जुडे चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि मिशन शक्ति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढाओ अभियान के तहत एक दिन की नायिका कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से माता-पिता को भी प्रेरणा मिलती है कि आज किसी भी क्षेत्र में लडकियां, लडकों से पीछे नहीं है।
कार्यक्रम के तहत सरस्वती सदन, इण्टर कॉलेज, सबदलपुर, सहारनपुर की छात्रा कु.नूतन को एक दिन की सांकेतिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त होने पर एसएसपी आशीष तिवारी ने पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। बालिका नूतन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण करने के पश्चात पुलिस लाईन में जनसुनवाई की गयी।
मुख्य विकास अधिकारी के पद पर सांकेतिक अधिकारी ‘‘नायिका‘‘ के रूप में श्री जगन्नाथ सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, गंगोह की छात्रा कु.इशु पांचाल को मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने पुष्प भेंट कर सांकेतिक मुख्य विकास अधिकारी का पदभार ग्रहण कराया। बालिका इशु पांचाल द्वारा पदभार ग्रहण करने के पश्चात विकास भवन सभागार में जनसुनवाई की गयी। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को तत्काल निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया गया।
इसी के साथ संतोष देवी पब्लिक इण्ठर कॉलेज, बरथाकायस्थ, की छात्रा कु0 रौनक देवी को एक दिन की सांकेतिक ‘‘नायिका’’ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सहारनपुर नियुक्त किया गया तथा नारायण जनता इण्टर कॉलेज, सहारनपुर की छात्रा कु.चीनू सैनी को एक दिन की सांकेतिक ‘‘नायिका’’ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहारनपुर नियुक्त किया गया। नारायण जनता इण्टर कॉलेज, सहारनपुर की छात्रा कु.अंशिका शर्मा को एक दिन की सांकेतिक ‘‘नायिका’’ जिला प्रोबेशन अधिकारी नियुक्ति किया गया।