सहारनपुर। आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए नगर निगम सहारनपुर अब शहर में दो अलग-अलग शेल्टर हाउस बनाने जा रहा है। इन शेल्टर हाउस का निर्माण करीब पांच हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किया जाएगा। जिससे शहर में कुत्तों से होने वाले हादसो और संक्रमण के मामलों पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, शहर में करीब 40 हजार आवारा कुत्ते हैं, जिनके कारण आए दिन सड़क हादसे, संक्रमण और डर का माहौल बना रहता है। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाल ही में आदेश जारी किया है कि अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे जैसे सार्वजनिक स्थलों से आवारा कुत्तों को हटाया जाए। नगर निगम सहारनपुर ने दो शेल्टर हाउस बनाने का निर्णय लिया है। जिस पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार एक शेल्टर हाउस में बीमार और घायल कुत्तों को रखा जाएगा, जबकि दूसरे शेल्टर हाउस में काटने वाले या आक्रामक स्वभाव के कुत्तों को अलग रखा जाएगा।
जिससे शहर में कुत्तों से होने वाले हादसों और संक्रमण के मामलों पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। नगर निगम ने शेल्टर हाउसों के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल निगम के पास करीब 1000 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध है, जहां प्रारंभिक कार्रवाई शुरू की जा सकती है।