सहारनपुर। एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उप निरीक्षक समेत दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार थाना सदर बाजार क्षेत्र में हसनपुर चुंगी के पास तेज रफ्तार कार ने उप निरीक्षक व होमगार्ड को टक्कर मार दी।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बाजोरिया रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करते हुए वाहन की तलाश शुरू कर दी है। सीओ द्वितीय कार्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल अमित कुमार ने बताया कि उप निरीक्षक देवीचरण के मोबाइल से अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने बताया था कि दिल्ली रोड पर हसनपुर चौकी के पास सड़क हादसा हो गया है। सूचना मिलते ही कार्यालय से कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
वहां देखा कि उप निरीक्षक देवीचरण व होमगार्ड नौशाद घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हुए हैं। मौके पर लोगों की भीड़ लगी थी। लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार काली रंग की कार ने बाइक में टक्कर मारी है और हादसे के बाद वह मौके से भाग गए है। घायलों को पहले दिल्ली रोड पर एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से बाजोरिया रोड पर एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। एक्सरे और प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों के पैरों में गंभीर चोट आना बताया। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हेड कांस्टेबल ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। थाना सदर बाजार पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।