मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद में अधिशासी अधिकारी डॉक्टर प्रज्ञा सिंह द्वारा दो अधिकारियों सहित 12 कर्मचारियों का वेतन रोक दिए जाने के विरोध में स्वायत शासन कर्मचारी संगठन के आह्वान पर कार्यालय में कलम बंद हड़ताल शुरू कर दी गई है। संगठन के शाखा अध्यक्ष बृजमोहन और महामंत्री सुनील वर्मा के नेतृत्व में सभी विभागों के कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं।
नगर पालिका के कर्मचारी तनवीर आलम ने बताया कि वेतन रोकने का कोई ठोस कारण नहीं दिया गया है। वेतन रोकने के आरोपों को कर्मचारियों ने निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह की ओर से स्पष्ट जवाब न आने तक यह हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं, नगर पालिका अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की विभिन्न समस्याएं हैं और उन्होंने हड़ताल का कोई नोटिस नहीं दिया है। उन्होंने कर्मचारियों के इस कदम को अनुचित बताया।