सहारनपुर। जनता देश संगठन के कार्यकर्ताओ ने समूह सखी महिलाओं को उचित वेतन दिलाने समेत विभिन्न मांगो को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौपा।
जनता देश संगठन की राष्ट्रीय महासचिव एवं अध्यक्षा महिला विंग एडवोकेट पिंकी पवन शिंदे ने बताया कि समूह-सखी महिलाओं को उचित वेतन नहीं मिल रहा है। जबकि इन समूह सखी महिलाओं से हर क्षेत्र में कार्य करवाया जाता है। संगठन पिछले डेढ़ वर्षों से महिलाओं का वेतन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। लेकिन प्रदेश सरकार महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से नही ले रही है। इन्हें आज भी न्यूनतम वेतन महज 800 रूपए प्रतिमाह दिया जाता है। जबकि शहर में होने वाली कोई भी मिटिंग या प्रोग्रामों में होने वाला खर्च यह समूह-सखी स्वयं से निर्वहन करती है। जिस कारण समूह-सखी महिलाएँ अपना जीवन यापन उचित रूप से नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया था कि राज्य सरकार इसे गंभीरता से लेगी तथा जल्द ही समूह-सखी महिलाओं की समस्याओं का समाधान कराया जायेगा। लेकिन आज भी स्थिति जस की तस बनी हुयी है।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार (फौजी), मुख्य सलाहकार राजेश्वर दास सैनी, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बर्मन, प्रदेश अध्यक्षा महिला विंग एवं अध्यक्षा समूह-सखी संघर्ष समिति बबीता कश्यप, जिला अध्यक्ष सौरण सिंह, मिडिया प्रभारी बोबी कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।