सहारनपुर: फॉर्म सात पर नई गाइडलाइन, समाजवादी पार्टी ने बताया बड़ी जीत
सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा फॉर्म सात को लेकर नई गाइडलाइन जारी किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे समाजवादी पार्टी की बड़ी जीत माना जा रहा है। वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने इसे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी कार्यकर्ताओं की निर्णायक जीत बताया है।
टिंकू अरोड़ा ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से अखिलेश यादव लगातार फॉर्म सात के दुरुपयोग को लेकर भारत निर्वाचन आयोग और उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग को घेर रहे थे। उन्होंने साफ तौर पर आरोप लगाया था कि सत्ता पक्ष के दबाव में आकर फॉर्म सात का दुरुपयोग किया जा रहा है और विपक्षी दलों के मतदाताओं के वोट कटवाने के लिए उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में फर्जी फॉर्म सात बांटे जा रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता लगातार पोलिंग बूथ स्तर पर बीएलओ से संपर्क कर इन फर्जी फॉर्म सात को उजागर कर रहे थे और अधिकारियों से इनके दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। इसी के परिणामस्वरूप भारत निर्वाचन आयोग ने संज्ञान लेते हुए गाइडलाइन जारी की है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि अब कोई भी व्यक्ति केवल अपना व्यक्तिगत फॉर्म सात ही जमा कर सकेगा। उन्होंने बताया कि नई गाइडलाइन के अनुसार अब कोई भी व्यक्ति बल्क यानि थोक में दूसरों के फॉर्म सात इकट्ठा कर एक साथ जमा नहीं कर पाएगा। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिनवा ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति डाक के माध्यम से भी दूसरों के फॉर्म सात इकट्ठा कर भेजता है, तो उन्हें भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गाइडलाइन में यह भी अनिवार्य किया गया है कि फॉर्म सात भरने वाले व्यक्ति का नाम स्वयं मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। फॉर्म भरते समय अपना नाम, वोटर आईडी संख्या और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। बिना पहचान उजागर किए किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जा सकेगा। हालांकि, यदि किसी मतदाता का निधन हो गया हो या वह स्थायी रूप से दूसरी जगह चला गया हो, तो उसके परिवार के सदस्य फॉर्म सात भरकर जमा कर सकते हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां