गाजियाबाद: ट्रांस हिंडन पुलिस ने बरामद किए 75 लाख के 254 मोबाइल, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
गाजियाबाद। गाजियाबाद में ट्रांस हिंडन जोन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के 7 थानों और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अलग-अलग कंपनियों के कुल 254 गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिए हैं।
ई-एफआईआर पोर्टल और विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल चोरी, स्नैचिंग और गुमशुदगी की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए ट्रांस हिंडन जोन पुलिस ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से तकनीकी विश्लेषण किया। इसके बाद हरियाणा, बिहार और दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न राज्यों से मोबाइल फोन रिकवर किए गए।
थाना-वार बरामदगी की बात करें तो इंदिरापुरम से 50, कौशांबी से 60, खोड़ा से 32, साहिबाबाद से 21, लिंक रोड से 30, शालीमार गार्डन से 42 और टीला मोड़ थाना क्षेत्र से 19 मोबाइल फोन बरामद किए गए। रिकवरी प्रतिशत के आधार पर शालीमार गार्डन थाना 66 प्रतिशत के साथ और टीला मोड़ थाना 56 प्रतिशत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों में शामिल रहे। गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, वहीं अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां