नोएडा। पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध की वजह से जनपद गौतमबुद्व नगर के आभूषण सेक्टर में भारी गिरावट आने लगी है, इससे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। नोएडा से काफी तादाद में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ ही आर्टिफिशियल आभूषणों का कारोबार होता है। नोएडा में सोना-चांदी और आर्टिफिशियल आभूषणों की सौ से अधिक इकाईयां हैं। इसमें दस हजार से अधिक श्रमिकों को रोजगार भी मिला हुआ है।
इसके अलावा सालाना दो हजार करोड़ का कारोबार होता है। इसमें सबसे ज्यादा कारोबार खाड़ी देशों के साथ हो रहा था। अब खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की वजह से नोएडा शहर के कारोबारियों का कारोबार भी प्रभावित होने लगा है।
नोएडा में आभूषण कारोबारी विपिन अग्रवाल ने बताया कि अब खाड़ी देशों से नए ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं। सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन के अनुसार, पुराने ऑर्डर पर भी रोक लगा दी गई है। इस समय बहुत सीमित मात्रा में ही कारोबार हो रहा है। इससे काफी नुकसान भी हो रहा है। वहीं फेस-2 क्षेत्र के विशेष निर्यात जोन में आभूषण बनाने की फैक्ट्री चलाने वाले दीपक गुप्ता ने बताया कि अब युद्ध खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। तब ही कारोबार पटरी पर आएगा। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का सभी क्षेत्रों में व्यापक नकरात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।
टिप्पणियां