नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र में बदमाशों का दुस्साहस देखने को मिला है। यहां सलेमपुर गांव में शनिवार दोपहर बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने एक दूध कारोबारी के घर पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। पुरानी रंजिश में दहशत फैलाने के इरादे से की गई यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
वायरल सीसीटीवी कैमरे के अनुसार फुटेज में कैद 2 बाइक पर आए चार बेखौफ बदमाशों ने आज सलेमपुर गांव में रहने वाले दूध कारोबारी बाबूराम के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रह कि जिस वक्त गोलियां चल रही थीं, घर के बाहर कोई मौजूद नहीं था, जिसकी वजह से कोई घायल नही हुआ। फायरिंग के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि करीब 4 महीने पहले बाबूराम के बेटे अभिषेक का पड़ोस में रहने वाले जौली गांव के एक युवक से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद का बदला लेने और इलाके में अपना खौफ कायम करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि थाना
कासना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके। इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। लोगों ने इस तरह की वारदात करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
टिप्पणियां