नोएडा । राजस्थान केसरी के नाम से विख्यात महान क्रांतिकारी एवं किसान नेता विजय सिंह पथिक की जयंती के अवसर पर उनकी जन्मभूमि गुठावली अख्तियारपुर स्थित स्मारक पर समाज उत्थान के लिए शुक्रवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से समाज के गणमान्य लोग एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी, गौतमबुद्ध नगर से जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर, प्रदेश कार्यकारीअध्यक्ष सुनील भाटी, मदन भाटी, विजेंद्र भड़ाना, कालूराम भाटी सहित अन्य व्यक्ति मंच पर मौजूद रहे।
स्मारक स्थल पर विजय सिंह पथिक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख-बधिर बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। महिलाओं ने पथिक के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक भजन एवं गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में देशभक्ति एवं समाज जागरण का वातावरण बनाया।
इस अवसर पर हरिश्चंद्र भाटी ने विजय सिंह पथिक के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके चित्रों को घर-घर पहुँचाकर नई पीढ़ी को उनकी शौर्यगाथा सुनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे विशेष रूप से बिजोलिया किसान आंदोलन के प्रमुख नेता रहे, जिसने किसानों के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी। वहीं जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि विजय सिंह पथिक, सरदार वल्लभभाई पटेल, कोतवाल धन सिंह गुर्जर, रामप्यारी गुजरी, पन्नाधाय, तथा मिहिर भोज जैसे अनेकों गुर्जर समाज के बलिदानियों को सरकारों ने अपेक्षित सम्मान नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा 14 मार्च 2026 को गुर्जर संस्थान, परी चौक, ग्रेटर नोएडा में विजय सिंह पथिक की भव्य जयंती मनाई जाएगी, जिसमें सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने का आह्वान किया गया। संगोष्ठी में उपस्थित सभी वक्ताओं ने समाज उत्थान, शिक्षा, संगठन और इतिहास के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए।
टिप्पणियां