नोएडा । होली का त्यौहार के आते ही कुछ दुकानदार मिलावटी खाद्य वस्तुओं को बेचकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने में जुटे हुए हैं। ऐसे लोगों पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में आ गया है। विभाग के अधिकारियों ने आगामी होली के पर्व पर जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम मेधा रूपम के निर्देशन में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच कर संदिग्ध वस्तुएं संग्रहित कर रहे हैं। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट खोर कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने 4 खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किया।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 26/27 फरवरी की देर रात यमुना एक्सप्रेस वे जेवर टोल प्लाजा पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने पुलिस के सहयोग से पूठपुरा उजावली फतेहाबाद आगरा स्थित होरी लाल की डेयरी से शुद्ध गढ़वाल डेयरी पहाड़गंज नई दिल्ली को एक वाहन से पनीर सप्लाई देने ले जाते हुए पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया पनीर का स्वाद कसैला होने, मिलावटी होने एवं अस्वास्थ्यकर दशा में भंडारित होने के कारण 1 नमूना लेकर लगभग 650 किग्रा पनीर विनष्ट कराया गया।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा एवं एसके पांडेय की टीम द्वारा टप्पल रोड जेवर स्थित गणपत ट्रेडर्स से सरसों के तेल का 1 नमूना लिया । इसी टीम द्वारा गिझोड़ सेक्टर-53 स्थित बीके इस ट्रेडर्स से नमकीन का 1 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं सय्यद इबादुल्लाह की टीम द्वारा दादरी स्थित सुगन एग्रो फूड्स से सरसों का तेल का 1 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 4 नमूनें लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
टिप्पणियां