नोएडा सेक्टर-18 में बड़ा हादसा, ट्रांसफार्मर फटने से दो युवक गंभीर रूप से झुलसे
नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-18 मार्केट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक बिजली का ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आकर दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घायलों की पहचान विजय कुमार पुत्र संतोष कुमार निवासी गली नंबर-3, सेक्टर-44 नोएडा और हर्ष पुत्र रविकांत निवासी अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सेक्टर-18 मार्केट क्षेत्र में मौजूद थे, तभी अचानक ट्रांसफार्मर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के साथ ही तेज आग की लपटें उठीं और दोनों युवक उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-20 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने बिना देरी किए दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर है, जिनमें से एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है। हादसे की सूचना पर फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की, ताकि किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे। मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी या ओवरलोड के कारण विस्फोट हुआ हो सकता है। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। सेक्टर-18 नोएडा का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे व्यस्त इलाके में इस प्रकार की घटना ने बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां