नोएडा में सड़क हादसों का कहर: युवक की मौत, मां-बेटी सहित कई घायल

नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं मां-बेटी सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस आरोपी वाहन चालकों की तलाश कर रही है।
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि 5 सितंबर को दिनकर निषाद पुत्र राजा राम निषाद निवासी ग्राम सोनपुर अपने दोस्त अमरजीत के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी एफएनजी रोड के पास एक अज्ञात कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान दिनकर निषाद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के जीजा राजेश कुमार निषाद ने थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना सेक्टर-20 में स्कूटी पर सवार होकर जा रही एक मां-बेटी को एक अज्ञात कार चालक ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सम्मी जैन निवासी सेक्टर-19 ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी पत्नी प्रियंका जैन अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर कैंब्रिज स्कूल जा रही थी, तभी सेक्टर-19 के इंडो गल्फ अस्पताल के पास एक अज्ञात कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में दोनों को गंभीर चोट आई है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इसके अलावा थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि रिहाना पत्नी सलीम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पति सलीम सेक्टर-148 मेट्रो स्टेशन के नीचे खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीड़िता के अनुसार इस घटना में उसके पति को गंभीर चोट आई है। जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।