रोजगार से जोड़ने की दिशा में 1.25 लाख से अधिक युवाओं को मिल चुका है 5150 करोड़ से अधिक का ऋण : मंत्री राकेश सचान
नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खाद्य एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान ने ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान मंत्री जी ने योजना के अंतर्गत जनपदों को निर्धारित किए गए लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने सभी बैंकर्स को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि मार्च 2026 के शेष दिनों में लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र युवाओं तक योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुँच सके। मंत्री श्री सचान ने यह भी कहा कि किसी भी बैंक शाखा द्वारा बिना ठोस एवं पर्याप्त कारण के आवेदनों को निरस्त करना स्वीकार्य नहीं होगा। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित बैंक शाखा एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराएं और योजना को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। समीक्षा बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ बैंक शाखाओं द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण में शून्य प्रगति दर्ज की गई है। इस पर मंत्री जी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी योजना है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता, उदासीनता या लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। मंत्री जी ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाएं। जनपदों में शिविरों, जन-जागरूकता कार्यक्रमों और मार्गदर्शन सत्रों के माध्यम से युवाओं को योजना की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 01 लाख युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025–26 में निर्धारित 1.5 लाख युवाओं के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 1.25 लाख से अधिक युवाओं को 5150 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरण किया जा चुका है, जो इस योजना की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज ग्रेटर नोएडा में सभी संबंधित विभागों एवं बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि शेष लक्ष्य को भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। बैठक में एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सीएम युवा मिशन राज्यनोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला, अपर आयुक्त उद्योग मेरठ मंडल मेरठ उमेश सिंह, उपायुक्त उद्योग गौतम बुद्ध नगर पंकज निर्वाण, बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौतमबुद्ध नगर के वरिष्ठ पत्रकार रणजीत पांडेय पिछले डेढ़ दशक (15 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। राजनीति विज्ञान में परास्नातक (MA Pol Sc) और मास कम्युनिकेशन में डिप्लोमा की विशेषज्ञता रखने वाले श्री पांडेय ने अपने लंबे सफर में क्षेत्र की हर जटिल राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से परखा है।
'चैनल वन' और 'पंजाब केसरी' जैसे संस्थानों में कार्य का अनुभव रखने वाले रणजीत पांडेय वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी (गौतमबुद्ध नगर) की महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी निभा रहे हैं। अपनी सुलझी हुई लेखनी और गहन विश्लेषण के लिए पहचाने जाने वाले रणजीत पांडेय से जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप मोबाइल नंबर 8800472411 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां