नोएडा हादसा: 4 वर्षीय बच्चा और 32 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से जल गए, दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती
नोएडा। नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा गांव में रहने वाला एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा अपने घर पर जल गया। बच्चे के परिजनों के अनुसार भगौने में खाना बनाकर रखा हुआ था। बच्चा खेलते हुए भगौने के पास गया तथा गरम खाना उसके ऊपर गिर गया। इसके अलावा थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव में रहने वाला एक 32 वर्षीय व्यक्ति रात को अपने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में जल गया। उसे उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मामूरा गांव में रहने वाले एक व्यक्ति का 4 वर्षीय बेटा कार्तिक सिंह रात को अपने घर पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह किचन में पहुंच गया। उसकी मां ने खाना बनाकर भगौने में रखा हुआ था। बच्चे का हाथ भगौने पर लगा तथा उसके ऊपर गरम खाना गिर गया। जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से जल गया। उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसको दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि बरौला गांव में रहने वाले राजवीर पुत्र बद्री प्रसाद उम्र 32 वर्ष रात को अपने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में जल गया। उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
