नोएडा प्राधिकरण ने 24 वर्ष पूर्व उद्यमियों को आवंटित किया पशुचर भूमि, एनईए ने सीईओ से की शिकायत

नोएडा। उद्यमियों की संस्था नोएडा एन्ट्रेप्रिनियोर्स एसोसिएशन (एनईए) के एक प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करूणेश के साथ उद्योगों से संबंधित समस्याओं के समाधान के संबंध में एक बैठक की। इस दौरान प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहें।
सीईओ संग बैठक के दौरान एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा उद्योगों में कमर्शियल गतिविधि चलाने पर धारा 10 बी के नोटिस जारी किए जाते हैं जिन्हें वर्ष 2021 से पूर्व उद्यमी द्वारा कमर्शियल गतिविधि बंद कर भविष्य में कामर्शियल गतिविधि न चलाने का शपथ-पत्र देने पर नोटिस वापिस ले लिया जाता था। लेकिन अब प्राधिकरण द्वारा ऐसे प्रकरणों में कमर्शियल गतिविधि न करने का शपथ-पत्र देने के साथ 1 प्रतिशत चार्जेज जमा करने तथा इकाई में जाकर सर्वे कर पुनः कमेटी में रखे जाते हैं । अतः कमेटी को हटाकर इस व्यवस्था को पूर्व की भांति ही रखा जाए तथा ऐसे प्रकरणों का निस्तारण प्राधिकरण के औद्योगिक विभाग के ओएसडी स्तर के अधिकारी द्वारा ही किया जाए।
एनईए अध्यक्ष ने सीईओ को बताया कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा लीज पर सेक्टर-65 तथा सेक्टर-67 में औद्योगिक गतिविधि चलाने के लिए उद्यमियों को लगभग 24 वर्ष पूर्व भूमि आवंटित की थी। जिसका उद्यमियों द्वारा सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर भवन निमार्ण कर अपना उद्योग स्थापित कर उत्पादन शुरू कर दिया था। वर्ष 2015 में कई उद्यमियों को तहसीलदार दादरी द्वारा उक्त भूमि को पशुचर अंकित दर्शाकर नोएडा प्राधिकरण द्वारा आवंटित भूमि से बेेदखल कर करोड़ों रुपए जमा करने के लिए रिकवरी नोटिस भेजे गए । इस मामले का अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। इसपर गंभीरता पूर्वक विचार-विमर्श कर समस्या का समाधान किया जाए। बैठक के दौरान औद्योगिक ईकाईयों से संबंधित कोई अन्य समस्याओं की भी जानकारी सीईओ को दी गई।
बैठक के दौरान एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन, महासचिव वीके सेठ, कोषाध्यक्ष शरद चन्द्र जैन, उपाध्यक्ष मौ. इरशाद, सुधीर श्रीवास्तव, सचिव राजन खुराना, राज कुमार गुप्ता, विरेन्द्र नरूला, अजय अग्रवाल, संदीप विरमानी, पियूष मंगला सहित अन्य उद्यमी मौजूद रहें।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां