नोएडा । 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम और प्रधानमंत्री की रैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने के उद्देश्य से आज (मंगलवार ) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।
बैठक में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, नोएडा विधायक पंकज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, नोएडा महानगराध्यक्ष महेश चौहान के अलावा अलीगढ़ व गाजियाबाद के जनप्रतिनिधि शामिल रहें।
बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, जनसहभागिता, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर गहन चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि आयोजन पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं ऐतिहासिक स्वरूप में संपन्न हो।
बैठक के दौरान कहा गया कि 28 मार्च का दिन जनपद गौतमबुद्व नगर के लिए एक स्वर्णिम अवसर होगा, जब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। नेताओं ने कहा कि यह केवल एक एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला ऐतिहासिक क्षण होगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की सफलता के किए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाएगी।
बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली एयरपोर्ट से ढाई गुना और मुंबई एयरपोर्ट से तीन गुना बड़ा है। गौतमबुद्व नगर के सासंद डा. महेश शर्मा का कहना है कि जब एयरपोर्ट की नींव रखी गई थी तो वे सिविल एविशन मिनिस्ट्री से जुड़े हुए थे। 2021 में इसका शिलान्यास किया गया था और 2026 में इसका लोकार्पण किया जा रहा है। यह अपने आप में एक संपूर्ण एयरपोर्ट होगा। जहां एमआरओ (हवाई जहाजों के रिपेयर की सुविधा), कार्गो (सामान ले जाने की सुविधा) और यात्री सेवा तीनों ही एक छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि इसके चालू होने के बाद यहां रहने वाले लोगों और किसानों के जीवन में नया बदलाव आएगा। यहां की जमीन के भाव आज आसमान छू रहे हैं। विकास की नई गाथा लिखी जाएगी और युवाओं के रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। नए-नए उद्योग, नए निवेश और विश्व की प्रतिष्ठित कंपनियां गौतम बुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में आएंगी।
टिप्पणियां