नोएडा दर्दनाक घटना: मारपीट के बाद छात्र अनिकेत की मौत, मुख्यमंत्री की 5 लाख की सहायता


विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि 18 वर्षीय अनिकेत के साथ 15 अक्टूबर को मारपीट हुई थी। उसका उपचार दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा था। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व उपचार के दौरान उसका निधन हो गया था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने घटना वाले दिन पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी थी तथा मौके पर ही पीड़ित परिवार की उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात करवाई थी। उन्होंने कहा कि 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के भ्रमण पर आए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से पुनः बात की।
इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता किए जाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की। उन्होंने बताया कि आज वह पीड़ित परिवार के घर गए तथा मुख्यमंत्री द्वारा प्रेषित की गई 5 लाख रुपए की त्वरित सहायता राशि का चेक मृतक अनिकेत के पिता सतीश कुमार, मां रेखा देवी को सौंपा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ प्रदेश सरकार हर पल पर खड़ी है। अनिकेत के परिवार के आंसुओं की भरपाई नहीं हो सकती लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सहायता राशि उनके परिवार के जीवन यापन में राहत का कार्य करेगी। विधायक ने कहा कि यह घटना दुखद है। पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिलेगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लिया है तथा निष्पक्ष जांच के निर्देश दिया है।
