ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसों में 5 वर्षीय बच्चे समेत दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल


थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि नाजिम पुत्र अली आजाद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी बाइक पर अपनी पत्नी और बेटे को बैठाकर अस्पताल इलाज करवाने जा रहा था। जैसे ही वह निम्स हॉस्पिटल के सामने पहुंचे एक ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना में उसकी बाइक पर बैठी पत्नी और बेटा अबूजर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए दिल्ली के एम्स में रेफर किया गया। उपचार के दौरान रात को बेटे की दिल्ली के एम्स अस्पताल में मौत हो गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में एक ट्रैक्टर चालक ने तेजी और लापरवाही से बाइक वाहन चलाते हुए एक बाइक में टक्कर मार दिया। इस घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में कल्लो नामक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मूल रूप से जनपद संभल की रहने वाली हैं। महिला के अनुसार उसका बेटा देवेंद्र पुत्र स्वर्गीय फकीरचंद अपने दोस्त विकास के साथ एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सूरजपुर से दादरी की तरफ जा रहा था। महिला के अनुसार जैसे ही उनका बेटा कोट नहर के पास पहुंचा, एक ट्रैक्टर के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दिया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि बाइक पर बैठे विकास की हालत नाजुक बनी हुई है।
इसके अलावा थाना सूरजपुर क्षेत्र के क्राउन प्लाजा होटल के पास मोपेड पर सवार होकर जा रहे एक व्यक्ति को अज्ञात बोलेरो पिकअप के चालक ने टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि जुबेर नामक शख्स ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पिता 24 अक्टूबर की रात को क्राउन प्लाजा होटल के पास मोपेड पर सवार होकर जा रहे थे। तभी एक अज्ञात बोलेरो पिकअप के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाकर उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
