नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आज के नोएडा दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला और महानगर नेताओं की ओर से नोएडा प्राधिकरण के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ शिकायती ज्ञापन सौंपे जाने की तैयारी थी। इस जानकारी के बाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दर्जनों सपा के वरिष्ठ नेताओं को पुलिस ने उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया।
वहीं, सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव के आवास पर भी पुलिस ने दस्तक दी, लेकिन वे उस वक्त बिहार प्रदेश दौरे पर थे और घर पर नहीं मिले।
समाजवादी पार्टी के अन्य नेताओं जैसे नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता, बबलू चौहान, विकास यादव, बाबूलाल बंसल, भीष्म यादव, सुरेंद्र, मुनव्वर खान, तनवीर हुसैन, शालिनी खारी, बबली शर्मा, राम सहेली, रोहित यादव, नरेश यादव, दीपक देसवाल, सतवीर यादव, नेहा शर्मा, मोहित यादव, शिव कुमार यादव, कृपाशंकर, राणा मुखर्जी, उदय सिंह आदि को सेक्टर-51 में पुलिस ने बैठा रखा है।
इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा में भी मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस ने एक दर्जन से अधिक सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया। इनमें सपा जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, अक्षय चौधरी, जगवीर नंबरदार, सुभाष भाटी, रोहित मत्ते गुर्जर, कुलदीप भाटी, प्रशांत भाटी, तेज प्रकाश त्यागी, शाहरुख चौधरी आदि शामिल थे।
सपा जिला अध्यक्ष ने इस हाउस अरेस्ट को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार समाजवादी पार्टी से डर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के झूठ को बेनकाब करने और जनता की समस्याओं को उठाने के कारण भाजपा खेमे में खलबली मची हुई है, और इसलिए सपा कार्यकर्ताओं को दमनकारी नीति के तहत हाउस अरेस्ट किया जा रहा है।