नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण कार्यक्रम 4 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा संपन्न, सीएम ने तैयारियों को परखा

नोएडा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर एवं कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण तथा एमआरओ का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम को भव्य एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इण्टरनेशल एयरपोर्ट जेवर पहुंचकर लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर समीक्षा बैठक की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, रैली स्थल, पार्किंग व्यवस्था, विभिन्न मार्गों, हेलीपैड सहित सभी प्रमुख स्थलों पर की गयी तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में एयरपोर्ट, कार्गो लोकार्पण, एमआरओ शिलान्यास तथा संपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं संचालन योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुये अपने दायित्वों का निर्वहन करें और प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य की उपस्थिति को देखते हुए व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं प्रभावी हों। कार्यक्रम को भव्य एवं विश्वस्तरीय स्वरूप प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ने व्यापक स्तर पर ब्रांडिंग एवं प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचें।
ये भी पढ़ें नोएडा में क्राइम ब्रांच व सीबीआई जांच में डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि जनसमूह के सहयोग के लिए कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए समस्त ब्लॉकों में प्रशासन एवं पुलिस के महिला एवं पुरुष कर्मियों के साथ वाॅलिंटियर्स की पर्याप्त तैनाती की जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो।
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रशासन एवं पुलिस से पाॅवर प्रजेटेंशन के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन एवं वैकल्पिक मार्गों की रूपरेखा की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था 04 स्तरीय सुनिश्चित की जायेगी।
इस दौरान जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा सतेन्द्र सिसोदिया, जिलाध्यक्ष भाजपा अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष भाजपा महेश चौहान, सांसद डाॅ महेश शर्मा, विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचन्द शर्मा, नरेन्द्र भाटी, अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन दीपक कुमार, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह, मंडलायुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, विशेष सचिव मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह, नॉएडा एयरपोर्ट के नोडल अफसर शैलेन्द्र भाटिया सहित अन्य उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां