बिहार विधानसभा चुनाव 2025: मतगणना में एनडीए प्रचंड बढ़त, महागठबंधन पिछड़ता दिखा
पटना। बिहार में आज मतगणना का दिन है और सुबह 8 बजे से शुरू हुई गिनती ने अब तक स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में एनडीए प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रहा है। दोपहर तक के रुझानों के मुताबिक, 243 सीटों वाली विधानसभा में एनडीए 200 से अधिक सीटें जीतने की स्थिति में है, जबकि विपक्षी महागठबंधन 40 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पा रहा।
बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं और बहुमत के लिए 122 सीटों की आवश्यकता है। सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का नेतृत्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं। एनडीए में पांच पार्टियां हैं, जिनमें जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रमुख हैं।
विपक्षी महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस, सीपीआई (एमएल), अन्य वामपंथी दल और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं। महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। इस बार बिहार में पहली बार चुनाव लड़ रही प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया है। लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव भी जनशक्ति जनता दल के साथ चुनाव मैदान में उतरे।
इस चुनाव में मतदान दो चरणों में हुआ था। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का 11 नवंबर को संपन्न हुआ। इस बार 7.45 करोड़ मतदाताओं में से रिकॉर्ड 67.13 प्रतिशत ने अपने मतों का प्रयोग किया। कुल 2,616 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।
बिहार में एनडीए की प्रचंड बढ़त और महागठबंधन का कमजोर प्रदर्शन इस बार स्पष्ट सत्ता समर्थन का संकेत दे रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
