होली पर अमरोहा पुलिस अलर्ट मोड में, शांति व्यवस्था बनाए रखने को सड़कों पर उतरे अधिकारी
अमरोहा। जिले में होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिले के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखने को कहा है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इसी क्रम में सोमवार शाम अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, सीओ सिटी अभिषेक यादव और सीओ अवध भान सिंह भदोरिया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल अमरोहा नगर की सड़कों पर उतरा। अधिकारियों ने शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से संवाद करते हुए अपील की कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा इंतजाम किए हैं। अमरोहा को चार सुपर जोन, 12 जोन और 73 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां अलग-अलग अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक क्षेत्र में जिम्मेदार अधिकारियों को विशेष निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
एसपी अमित कुमार आनंद स्वयं भी जिले की कानून व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और समय-समय पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि होली का त्योहार पूरे जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ मनाया जाए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां