अलीगढ़ में मंदिरों की दीवारों पर 'I Love Muhammad' लिखने को लेकर विवाद, करणी सेना ने कड़ी कार्रवाई की मांग


करणी सेना ने लगाया हिन्दू आस्था से खिलवाड़ का आरोप
घटना की खबर फैलते ही करणी सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र चौहान की अगुवाई में भारी संख्या में लोग बुलाकी गड़ी गांव पहुंचे और इस कृत्य पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने मांग की कि जो भी लोग इस साजिश में शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। करणी सेना ने इसे हिन्दू आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है।
पुलिस पर सबूत मिटाने का आरोप
करणी सेना ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस ने मंदिरों पर लिखे शब्दों को मिटाकर सबूत खत्म करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए माहौल शांत करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा, "हमने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया है। जांच की जा रही है कि यह काम किसने किया है। किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।"
पहले भी भड़क चुका है विवाद
गौरतलब है कि 'I Love Muhammad' को लेकर उत्तर प्रदेश में पहले भी कई जगहों पर बवाल हो चुका है। हाल ही में बरेली में भी इसी मुद्दे पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी। बरेली में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। इसके बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई भी शुरू की थी।
फिलहाल, अलीगढ़ पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, करणी सेना ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस विवाद ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सियासत और समाज दोनों में गर्मी बढ़ा दी है।
