केतकी सिंह विवाद: विधायक की बेटी विभावरी बोलीं – "मैं डरने वाली नहीं, मेरी मां बीच से फाड़ देंगी"

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। मामला जुड़ा है भाजपा विधायक केतकी सिंह के एक बयान से, जो उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर दिया था। इस बयान के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ स्थित विधायक आवास के बाहर प्रदर्शन किया। खास बात ये रही कि प्रदर्शन के दौरान केतकी सिंह की 16 वर्षीय बेटी विभावरी सिंह घर पर अकेली थीं। इस घटना के बाद विभावरी ने जिस तरह प्रतिक्रिया दी, उसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।
प्रदर्शन के बाद विभावरी ने वीडियो के माध्यम से सपा कार्यकर्ताओं को कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा:“मुझे जितना डराने की कोशिश कर लो, मैं डरने वाली नहीं हूं। अगर मेरी तरफ उंगली भी उठाई, तो मेरी मां आप लोगों को बीच से फाड़ देंगी।”
विभावरी ने आगे कहा कि वह घर पर अकेली थीं, और इस तरह की राजनीति करना शर्मनाक है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर विरोध करना है तो बलिया जाकर करें, जहां उनकी मां विधायक हैं। “एक 16 साल की लड़की को डराना कोई राजनीति नहीं है,” विभावरी ने तीखे स्वर में कहा।
विधायक केतकी सिंह ने सपा पर बोला हमला
इस मामले पर खुद विधायक केतकी सिंह ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा:“एक विधायक माफ कर देगी, लेकिन एक मां नहीं माफ करेगी।”
केतकी सिंह ने आरोप लगाया कि सपा के डीएनए में महिलाओं और बच्चियों को प्रताड़ित करना है। उन्होंने कहा कि सपा के लोग सोशल मीडिया पर उन्हें गालियां दे रहे हैं, जिससे उनकी बेटी सहम गई और स्कूल तक नहीं जा पाई।
“मैं यहां हूं, मुझसे लड़िए” – केतकी सिंह
विधायक ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को ललकारते हुए कहा: “मैं जीवित बैठी हूं, राजनीति मैं करती हूं। मुझसे लड़िए। मेरी बेटी को क्यों डराया जा रहा है? सपा को महिलाओं से इतनी घबराहट क्यों है?”
केतकी सिंह ने दावा किया कि उनके खिलाफ चल रहा विरोध राजनीतिक हथकंडा है और उन्होंने यह भी कहा कि “सपा डरपोक और कायरों की पार्टी है।”
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
विवाद की शुरुआत केतकी सिंह के उस बयान से हुई जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव पर "टोंटी" विवाद को लेकर तंज कसा था। उनके इस बयान को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर प्रदर्शन किया।