मुजफ्फरनगर। नेपाल में सोशल मीडिया बैन को लेकर मची भारी अशांति और सरकार गिरने की घटना के बाद वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इसी बीच मुजफ्फरनगर के भाजपा नेता सुनील तायल 7 सितंबर को काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ भगवान के दर्शन के लिए गए थे। वे अपने साथ कुल दस लोगों के साथ नेपाल में फंसे हुए हैं।
सुनील तायल सहित फंसे लोगों के परिवार जनों ने भारत सरकार से उनकी सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। इस बीच भाजपा नेता सुनील तायल ने एक वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की अपील की है। वीडियो में उन्होंने नेपाल में जारी प्रदर्शन की अपनी आंखों देखी तस्वीरों का भी जिक्र किया है।
सुनील तायल का कहना है कि स्थिति बेहद गंभीर है और वे जल्द से जल्द सुरक्षित भारत लौटना चाहते हैं। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि फंसे हुए सभी भारतीयों को वापस लाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध और राजनीतिक अस्थिरता के कारण उत्पन्न हुए हालात की वजह से वहां फंसे भारतीय नागरिकों की चिंता बढ़ गई है। सरकार द्वारा जल्द ही राहत एवं सुरक्षा प्रयासों को गति देने की उम्मीद जताई जा रही है।