बहराइच: मासूम का शिकार करने वाला भेड़िया ढेर..अब तक 10 लोगों की मौत

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शनिवार तड़के एक साल की बच्ची को मारने वाले खूंखार भेड़िए को वन विभाग ने मुठभेड़ में मार गिराया। घटना के करीब 13 घंटे बाद भेड़िए को ट्रैक कर गोली मारी गई। शूटर द्वारा राइफल से दागी गई एक गोली लगते ही भेड़िया ढेर हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोडहिया नंबर-4 के मजरा जरूवा में यह भेड़िया मां के बगल में सो रही एक साल की बच्ची को जबड़े में दबाकर उठा ले गया। बच्ची की चीख सुनकर मां की नींद खुल गई और उसने शोर मचाते हुए भेड़िए का पीछा किया, लेकिन भेड़िया गन्ने के खेत में घुसकर ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गन्ने के खेत के किनारे मानव शरीर के अवशेष मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। प्रभागीय वन अधिकारी राम सिंह यादव ने बताया कि मौके से कुछ हड्डियां बरामद हुई हैं। उन्होंने कहा कि ये अवशेष किसके हैं, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।
उल्लेखनीय है कि बहराइच जिले में बीते दो महीनों के दौरान भेड़ियों के हमलों में आठ बच्चों समेत कुल 10 लोगों की जान जा चुकी है। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वन विभाग ने भेड़ियों को मारने के लिए विशेष शूटरों को तैनात किया गया था। अभियान के तहत अब तक चार भेड़ियों को मारा जा चुका था, जबकि शनिवार को पांचवां भेड़िया ढेर किया गया। वन विभाग और जिला प्रशासन क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां