मेरठ। खुले स्थानों पर जीवन बिता रहे आश्रयहीन लोगों के लिए मेरठ में दीनदयाल उपाध्याय–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत संचालित आश्रय गृहों तक जरूरतमंदों को सुरक्षित पहुंचाने के उद्देश्य से निःशुल्क वाहन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस सेवा की शुरुआत टाउनहॉल घंटाघर से हरी झंडी दिखाकर की गई। नगर आयुक्त नगर निगम मेरठ सौरव गंगवार (आईएएस) ने निःशुल्क वाहन को रवाना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में आश्रयहीनों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल न केवल जीवन रक्षा करती है, बल्कि समाज के कमजोर वर्ग को गरिमा के साथ जीवन जीने का अवसर भी देती है। उन्होंने आश्रयगृह संचालन संस्था विश्व विकास संकल्प संस्थान के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सरबजीत सिंह कपूर ने की।
उन्होंने कहा कि ठंड से होने वाली मौतों को रोकने के लिए समाज और प्रशासन का एकजुट होना बेहद जरूरी है। निःशुल्क वाहन सेवा के माध्यम से रात के समय सड़कों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित आश्रय गृहों तक पहुँचाया जाएगा, जिससे ठंडजनित दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। अति विशिष्ट अतिथि ठाकुर कृष्ण कुमार सिंह ने इस पहल को आश्रयहीनों के लिए वरदान बताया और कहा कि यह सेवा मानवीय संवेदनाओं का जीवंत उदाहरण है। परियोजना अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि वाहन सेवा मंगतपुरा (दिल्ली रोड) और शंकर नगर फेज–2, बराल परतापुर स्थित आश्रय गृहों के लिए संचालित की जाएगी। इस मौके पर प्रो. देवेश शर्मा, पूर्व पार्षद गुलबीर, मुनीष पटेल, डॉ. अशोक कुमार, प्रधानाचार्य संजीव नागर, अंशिका और गौतम प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।