संभल में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई कब्रिस्तान की पैमाइश, भूमि पर अवैध रूप से बने मिले 22 मकान और दुकान
संभल (रॉयल बुलेटिन)। जनपद में सरकारी और सार्वजनिक भूमियों से अवैध कब्जा हटाने के अभियान के तहत मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर कोतवाली क्षेत्र में शाही जामा मस्जिद के निकट स्थित कब्रिस्तान की भूमि पर व्यापक स्तर पर किए गए अवैध कब्जे का खुलासा हुआ है। तहसीलदार के नेतृत्व में 22 लेखपालों की भारी-भरकम टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश की, जिसमें 22 लोगों द्वारा बनाए गए मकान और दुकानें अवैध रूप से कब्रिस्तान की जमीन पर स्थित पाई गईं।
22 लोगों ने कर रखा है कब्जा कई घंटों तक चली पैमाइश और राजस्व अभिलेखों के मिलान के बाद यह स्पष्ट हुआ कि कब्रिस्तान की गाटा संख्या की भूमि पर 22 लोगों ने अनाधिकृत तरीके से पक्के मकान और दुकानें खड़ी कर रखी हैं। इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया। पैमाइश के दौरान किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
दिए जाएंगे कानूनी नोटिस: जिलाधिकारी जिलाधिकारी संभल डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि पैमाइश में 22 अतिक्रमणकारियों की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि सभी कब्जाधारकों को संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे और उनसे भूमि से संबंधित साक्ष्य व कागजात मांगे जाएंगे। यदि कब्जाधारक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहते हैं, तो पक्ष सुनने के उपरांत विधिवत तरीके से अवैध निर्माण को हटाने और बेदखली की अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
