केशव मौर्य का सहारनपुर में चुनावी शंखनाद: बोले- 2027 में 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी भाजपा, कांग्रेस अब इतिहास के पन्नों में सिमटेगी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मतदाताओं के समर्थन व कार्यकर्ताआंे की मेहनत की बदौलत उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव में प्रचण्ड बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनायेगी। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी व एनडीए 2029 के चुनाव में भी प्रचण्ड बहुमत हासिल कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चौथी बार केन्द्र में अपनी सरकार बनायेगी। उन्होंने कांग्रेस को बूढ़ी पार्टी बताते हुए उसके इतिहास के पन्नो में सिमटने की बात भी कही।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज यहां गंगोह रोड स्थित एमआरएस पब्लिक स्कूल में प्रख्यात स्वतंत्रता सैनानी, पूर्व विधायक व पूर्व सांसद स्व.मुल्कीराज सैनी की प्रतिमा का अनावरण के पश्चात पत्रकारो से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुल्कीराज सैनी प्रख्यात स्वतंत्रता सैनानी होने के साथ-साथ विधायक व सांसद भी रहे, जो असली समाजवादी थे। उन्होंने कहा कि जब वह अगली बार सहारनपुर आयेंगे, तो बाबू मुल्कीराज सैनी के गांव में भी जायेंगे तथा सहारनपुर से उनके गांव तक के मार्ग का नाम बाबू मुल्कीराज सैनी रखने के साथ ही मार्ग का चौड़ीकरण भी कराया जायेगा। श्री मौर्य ने कहा कि 2027 के विस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत के साथ अपनी सरकार बनायेगी तथा भारतीय जनता पार्टी की जीत 2017 के विधान सभा चुनाव में मिले बहुमत से भी अधिक होगी तथा समाजवादी पार्टी की गुण्डागर्दी व अपराध को समाप्त करने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर से लेकर सोनभ्रद व गाजियाबाद से गाजीपुर तक सब जगह भाजपा का परचम लहरायेगा। उन्होंने कांग्रेस को 140 साल की बूढ़ी पुरानी पार्टी बताते हुए कहा कि देश की आजादी के दौरान कांग्रेस ने वंदेमातरम के कई टुकड़े किए थे। बाद में देश के भी कई टुकड़े करने का काम किया इसलिए कांग्रेस का कोई भी राजनीतिक भविष्य नही है। उन्होंने कहा कि सन् 2024 के लोक सभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ दुष्प्रचार किया गया था संविधान व आरक्षण बदलने का झूठा प्रचार किया गया था। इसके बावजूद नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा केन्द्र में तीसरी बार अपनी सरकार बनाने में सफल रही। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के पश्चात हरियाणा, महाराष्ट्र व दिल्ली चुनाव में भाजपा को जीत हासिल हुयी। हाल ही में बिहार में भाजपा ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने साथ जिस भी दल को लेना हो, ले ले। कांग्रेस, राजद, सपा व टीएमसी का कोई भविष्य नहीं है। पश्चिम बंगाल में आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा का कमल खिलेगा। भाजपा ओर एनडीए 2029 के लोकसभा चुनाव में भी प्रचण्ड बहुमत हासिल करेगी तथा चौथी बार नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपनी सरकार बनायेगी। एसआईआर पर विपक्षी दलों द्वारा उठाये गये सवाल पर श्री मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मतदाता शुद्धिकरण की पक्षधर है।
भाजपा का मानना है कि जब मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धिकरण हो जायेगा तो आगामी विधान सभा चुनाव में कांग्रेस व समाजवादी पार्टी का खाता भी नहीं खुलेगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी, पूर्व कैबिनेट मंत्री साहब सिंह सैनी, पूर्व मंत्री डॉ.धर्म सिंह सैनी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, विनित सैनी, विक्रम सैनी सबदलपुर, सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय सैनी आदि मौजूद रहे।
